बूम ने पाया कि वीडियो गुजरात के सूरत का है। यह घटना मॉब लिंचिंग का विरोध करने के लिए निकाली गई एक रैली के दौरान हुई थी|
Fake News India Hindi: पथराव कर बस में तोड़फोड़ करने वाले लोगों के एक वीडियो को झूठे दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि मुंबई के बांद्रा इलाके में मुस्लिम ऑटोरिक्शा चालकों के एक समूह ने एक बस पर हमला किया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके साथ दिए गए कैप्शन में लिखा है, “मुस्लिम रिक्शावाला के समूह के द्वारा बीकेसी से बांद्रा के लिए बस मार्ग का विरोध शुरू हो गया है। ”
इसी क्लिप को, समान कैप्शन के साथ ट्विटर पर शेयर किया गया था और कई लोगों ने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए उन्हें कार्रवाई करने के लिए कहा है। इन पोस्ट्स को आप यहाँ देखें |
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना सूरत में 5 जुलाई, 2019 को मॉब लिंचिंग का विरोध करने के लिए निकाली गई एक मौन रैली के दौरान हुई थी। अनुमति के अभाव के कारण पुलिस द्वारा रैली रोके जाने पर प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए थे।
अहमदाबाद मिरर ने बताया, “लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया और पुलिस को आंसू गैस के गोलों का सहारा लेना पड़ा।”
अहमदाबाद मिरर की रिपोर्ट में आगे बताया गया है, “हालात उस हद तक बढ़ गए जहां प्रदर्शनकारियों ने पथराव का सहारा लिया जिसमें दो बीआरटीएस बसें और दो पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में दो राउंड और लगभग एक दर्जन आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस घटना में सात लोगों को गिरफ़्तार किया गया था।”









